कैसे राजकुमार से महात्मा बने बुद्ध

    अक्सर लोग जीवन में भौतिक सफलता की ही कामना करते हैँ. मगर हमारे सनातन धर्म में ऐसे कई मिशालें हैँ जिसमें लोग राजपाट छोड़ कर वैराग्य, संत या महात्मा बन जाते हैँ. यह ऐसे ही एक महात्मा की जीवन गाथा है जिन्होंने राजकुमार की गद्दी छोड़ कर धर्म की राह पकड़ी और महात्मा बन गए.

    जी हाँ, हम बात कर रहे हैँ, उस महात्मा की जिसने कहा कि धर्म का दान सब दानों से बड़ा है। धर्म का रस सबसे सुंदर है। और धर्म से जुड़ाव होना ही सबसे बड़ा सुख है। जब इंसान के मन से तृष्णा यानि लालच और मोह ख़त्म हो जाती हैँ, तब मनुष्य के सभी दुख खत्म हो जाते हैं.

    बहुत समय पहले कपिलवस्तु नामक राज्य में शुद्धोधन नाम के राजा का राज था। उनकी पत्नी का नाम था महामाया। कपिलवस्तु राज्य के लिए वह दिन बहुत ही ख़ास था जब महामाया माँ बनने वाली थी. राजा के लोग यह शुभ समाचार सुनने के लिए उतावले हुए जा रहे थे और राजा स्वयं महल में इधर से उधर घूम रहे थे और जैसे ही महल में नन्हे राजकुमार की किलकारी गुंजी तो पूरे राज्य में खुशी की लहर दौड़ गई। चारो तरफ उत्सव मनाये जाने लगे,

    और फिर राजा ने बच्चे का नाम रखा – राजकुमार सिद्धार्थ।

    बचपन से ही सिद्धार्थ दूसरों से अलग थे। जहाँ और बच्चे खेल-कूद में लगे रहते, वहीँ सिद्धार्थ शांत और गहरे विचारों में डूब रहते थे, वे बहुत दयालु थे। किसी जानवर या इंसान को तकलीफ में देखना उन्हें बिल्कुल अच्छा नहीं लगता था।

    एक दिन की बात है। जब उनका चचेरा भाई देवदत्त जंगल में गया और एक हंस को तीर से घायल कर उसे पकड़ कर महल ले आया, वो घायल हंस जमीन पर पड़ा तड़प रहा था। तभी सिद्धार्थ वहाँ पहुँचे। और हंस की हालत को देखकर उनसे रहा नहीं गया. उन्होंने तुरंत हंस को अपनी गोद में उठाया, उसका तीर निकाला और जड़ी-बूटियों से उसकी चोट पर मरहम लगाने लगे. ये देख

    देवदत्त ने कहा – “ये हंस मेरा है, मैंने इसे मारा है।”

    सिद्धार्थ ने शांति से कहा – “जो जीव की जान बचाए, वही उसका असली मालिक होता है। तुमने इसे घायल किया, मैंने इसे बचाया।” यह बात सुनकर वहां खड़े सभी लोग चकित रह गए। और तभी से सिद्धार्थ की करुणा और न्यायप्रियता लोगों को दिखाई देने लगी।

    समय बीतता गया। सिद्धार्थ बड़े हुए। राजा शुद्धोधन ने सोचा कि सिद्धार्थ को कभी दुख न दिखे। इसलिए उन्होंने उन्हें सिर्फ सुख-सुविधाओं में रखा। महल में सुंदर नृत्य, संगीत, स्वादिष्ट भोजन, सेवक- सेविका – सब कुछ था। ताकि सिद्धार्थ का मन कभी दुख की ओर न जाए।

    यही कारण था कि उनका विवाह भी एक सुंदर राजकुमारी यशोधरा से कर दिया गया। कुछ समय बाद उनके यहाँ एक पुत्र का जन्म हुआ – जिसका नाम रखा गया राहुल। राजकुमार एक पुत्र के साथ साथ पति और पिता दोनों बन चुके थे लेकिन फिर भी सिद्धार्थ का मन अभी भी सवालों से भरा हुआ था – “क्या यही जीवन है? बस सुख-सुविधा और आराम? क्या दुख नाम की कोई चीज़ नहीं है?”

    एक दिन सिद्धार्थ महल से बाहर निकले। उस दिन उन्होंने चार ऐसे दृश्य देखे, जिन्होंने उनकी सोच हमेशा के लिए बदल दी। सबसे पहले उन्होंने एक बूढ़े आदमी को देखा—जिसका शरीर झुका हुआ था और उसके हाथ काँप रहे थे। इसके बाद उनकी नज़र एक बीमार आदमी पर पड़ी—जो दर्द से कराह रहा था और असहाय दिखाई दे रहा था। फिर उन्होंने एक मृत शरीर देखा—जिसे लोग श्मशान की ओर ले जा रहे थे। और अंत में उनकी दृष्टि एक शांत साधु पर पड़ी—जिसके चेहरे पर गहरी शांति और संतोष झलक रहा था।

    इन दृश्यों ने सिद्धार्थ को भीतर तक झकझोर दिया। उन्होंने समझ लिया कि हर इंसान बूढ़ा होगा, हर कोई बीमार होगा और एक दिन मृत्यु सभी को आएगी। लेकिन साधु के चेहरे पर जैसी गहरी शांति और संतोष था, वैसा कहीं और देखने को नहीं मिला। सिद्धार्थ के मन में प्रश्न उठने लगे—“यदि जीवन दुख, बीमारी और मृत्यु से भरा है, तो सच्चा सुख कहाँ है?”

    अपने इन सवालो में डूबे सिद्धार्थ कई दिन तक चैन की नींद ना सो सके और न चैन की सांस ले सके. वो हमेशा अपने सवालो की खोज में डुबे रहते। और आखिरकार, एक रात जब उनकी पत्नी यशोधरा और बेटा राहुल, सभी सो रहे थे तब सिद्धार्थ ने महल छोड़ने का निश्चय किया। और उन्होंने चुपचाप अपने सेवक चन्ना और घोड़े कन्टक के साथ महल से, बाहर कदम रखा। महल, पत्नी, पुत्र और सारे ऐशो-आराम को छोड़कर वे अंधेरी रात में जंगल की ओर निकल गए।

    साथियों इसे ही महाभिनिष्क्रमण कहा जाता है – यानी जब राजकुमार सिद्धार्थ ने राजमहल, परिवार और सुख-सुविधाएँ छोड़कर दुखों से मुक्ति पाने का मार्ग खोजने के लिए संन्यास लिया,

    अब सिद्धार्थ साधु बन गए। उन्होंने साधु के कपडे पहने और जंगल में रहने लगे। पहले उन्होंने अलग-अलग गुरुओं से शिक्षा ली, कठोर तपस्या की। कई सालों तक भूखे-प्यासे रहकर शरीर को कष्ट दिया। और उन्हें ये समझ आया कि – “बहुत ज्यादा सुख भी सही नहीं और बहुत ज्यादा कष्ट भी सही नहीं।” तब उन्होंने सोचा – “सही रास्ता बीच का है। न ज्यादा भोग, न ज्यादा तप – इसे ही मध्यम मार्ग कहते हैं।”

    सिद्धार्थ गया यानि जो आज के समय में बोधगया के नाम से जाना जाता है वहां पहुँचे। वहाँ उन्होंने एक पीपल के पेड़ के नीचे ध्यान लगाया। और प्रण लिया – “जब तक सच्चा ज्ञान नहीं मिलेगा, तब तक मैं यहाँ से नहीं उठूँगा” कई दिन और रातें बीत गईं। वे अड़ कर ध्यान मग्न बैठे रहे। और फिर तब जाकर उन्हें मिला सच्चा ज्ञान, अब वे “सिद्धार्थ” नहीं रहे थे । वे बन गए थे महात्मा बुद्ध – यानी “जिसे पूर्ण ज्ञान मिल चुका था”

    अब बुद्ध ज्ञान प्राप्त करने के बाद वाराणसी के पास सारनाथ नमक जगह पर पहुंचे, जहाँ उन्होंने पांच साधुओं को अपना पहला उपदेश दिया। इस उपदेश में उन्होंने जीवन का गहरा रहस्य समझाया और चार महान सत्यों के बारे में बताया, उन्होंने कहा कि जीवन में दुख है, और इस दुख का कारण तृष्णा है—यानी इच्छाएँ और लालसाएँ। यदि तृष्णा का अंत हो जाए, तो दुख भी समाप्त हो सकता है। इसके लिए इंसान को आठ अच्छे मार्गों पर चलना चाहिए—सही विचार, सही वाणी, सही आचरण, सही आजीविका, सही प्रयास, सही स्मृति, सही ध्यान और सही समझ। इन सिद्धांतों को ही चार आर्य सत्य और अष्टांगिक मार्ग कहा जाता है। यही महात्मा बुद्ध का अमर संदेश है, जो आज भी लोगों को जीवन की सच्ची दिशा और शांति का मार्ग दिखाता है।

    बुद्ध ने अपना पूरा जीवन लोगों को सही राह दिखाने में लगा दिया। उन्होंने दुष्ट डाकू अंगुलिमाल को भी साधु बना दिया और उसे अहिंसा और करुणा का मार्ग दिखाया।

    एक दुखी माँ गौतमी, जो अपने मृत बेटे को लेकर शोक में डूबी थी, उसे भी बुद्ध ने समझाया कि इस संसार में मृत्यु से कोई नहीं बच सकता। उन्होंने हर जगह यही संदेश दिया कि सब इंसान बराबर हैं—किसी की जाति, ऊँच-नीच या जन्म से उसका महत्व तय नहीं होता, बल्कि उसके कर्म और आचरण ही उसे महान बनाते हैं।

    लंबे समय तक वे गाँव-गाँव घूमकर लोगों को उपदेश देते रहे। अंत में कुशीनगर में, एक साल के पेड़ के नीचे, शांत मन से उन्होंने अंतिम साँस ली। इस घटना को महापरिनिर्वाण कहा जाता है।

    महात्मा बुद्ध की जीवन गाथा हमें यह सिखाती है कि जीवन के दुखों का असली कारण हमारी इच्छाएँ और लालसाएँ हैं। जब इंसान त्याग, दया और करुणा को अपनाता है, तभी उसे सच्चा सुख मिलता है। उन्होंने समझाया कि सही रास्ता हमेशा संतुलन का होता है—न तो अति भोग में डूबना और न ही खुद को कठोर कष्ट देना। असली ज्ञान और शांति तभी प्राप्त होती है, जब मन पूरी तरह शांत, निर्मल और स्वच्छ हो।

    धन्यवाद

    Frequently Asked Questions

    How can I read spiritual stories on Sanatan?

    You can read spiritual stories directly on the story reader page. Each story provides complete text content that you can read online without any app download.

    Are the stories available in Hindi and English?

    Yes, Sanatan provides spiritual stories in multiple languages. You can switch the interface language using the language toggle to read stories in your preferred language.

    Can I watch video versions of these stories?

    Some stories have video versions available. When a video is available, you will see a Watch Story button alongside the Read Story button on the story card.