आचार्य शंकर – एक कहानी

    आदि शंकराचार्य — महान संत जिसने छोटी-सी उम्र में इतना बड़ा काम कर दिया कि जब तक सनातन परम्परा रहेगी तब तक उन्हें श्रद्धा से याद किया जायेगा.

    ज़रा सोचिए, सिर्फ़ 32 साल की उम्र... और उसमें सनातन धर्म की पुनर्नस्थापना जैसा बड़ा काम कर देना । ये बात आपको असंभव लग रही होगी, लेकिन ये सच है कि ये चमत्कार शंकर ने करके दिखाया था।

    समय था करीब 8वीं शताब्दी का। जगह—केरल का एक छोटा-सा गाँव, कलाड़ी। वहीं एक साधारण-से घर में जन्म हुआ एक दिव्य बालक का। माता का नाम था आर्याम्बा, पिता थे शिवगुरु। दोनों बहुत साधारण, लेकिन बड़े धर्मपरायण और भगवान शंकर के भक्त थे।

    कहा जाता है कि कई सालों तक शिवगुरु के कोई संतान नहीं हुई। उन्होंने भगवान शंकर से प्रार्थना की—“प्रभु, हमें एक ऐसा पुत्र दीजिए जो हमारा वंश आगे बढ़ाए, और जो आपका नाम रोशन करे।” भगवान ने आशीर्वाद दिया—“तुम्हें पुत्र मिलेगा, पर वो ज़्यादा दिन नहीं जियेगा। मगर उसके जीने का हर एक पल दुनिया के लिए उपयोगी होगा।” और ऐसे हुआ शंकर का जन्म।

    शंकर बचपन से ही अलौकिक थे। तीन साल की उम्र में उन्होंने मलयालम भाषा पूरी तरह बोलना-समझना सीख लिया। पाँच साल की उम्र में जब उनका उपनयन संस्कार हुआ और पढ़ाई शुरू हुई, तो जो भी गुरु उन्हें पढ़ाने आते, चकित रह जाते। वो जो शास्त्र दूसरों को वर्षों में समझाते थे, शंकर उसे कुछ ही महीनों में आत्मसात कर लेते। पुराणों की कहानियाँ, वेदों के मंत्र, उपनिषदों की गहराई—सब उनके भीतर ऐसे बैठते जैसे किसी झरने में पानी।

    पर तभी उन पर दुख का बादल भी टूटा। पिता शिवगुरु का देहांत हो गया, और घर की सारी ज़िम्मेदारी माँ पर आ गई। शंकर माँ के बहुत लाड़ले थे। वो मातृभक्त थे—अपनी माँ को भगवान की तरह मानते थे।

    बचपन में ही उनकी दया का भाव सबको दिखने लगा। एक बार गाँव का एक गरीब ब्राह्मण उनके पास आया। उसके हाथ में बस एक आँवला था। वो बहुत दुखी था—कहा, “बेटा, मेरे घर में खाने को कुछ नहीं है।” शंकर का दिल द्रवित हो गया। उन्होंने माँ लक्ष्मी से प्रार्थना की—“माँ, इनकी गरीबी दूर करो।” अगले ही दिन उस गरीब के घर में सोने के आँवले बरस पड़े। लोग हैरान रह गए। सबको समझ आ गया कि यह बच्चा कोई साधारण आत्मा नहीं है।

    जैसे-जैसे शंकर बड़े हो रहे थे, उनके मन में एक गहरी बेचैनी थी। वो सोचते—“यह जीवन कितना छोटा है। इंसान जन्म लेता है, जीता है, और फिर चला जाता है। असली सत्य क्या है? आत्मा कौन है? ईश्वर क्या है?” उनके भीतर वैराग्य जाग रहा था। माँ चाहती थीं कि बेटा बड़ा होकर घर संभाले, पर शंकर को लग रहा था कि उनका जीवन किसी और बड़े काम के लिए बना है।

    एक दिन शंकर अपनी माँ के साथ नदी में स्नान करने गए। माँ किनारे पर थीं और शंकर पानी में उतरे। तभी अचानक एक मगरमच्छ ने उनका पैर पकड़ लिया। लोग घबरा गए। शंकर ने माँ से कहा— “माँ, जब तक आप मुझे संन्यास लेने की अनुमति नहीं देंगी, यह मगरमच्छ मुझे छोड़ेगा नहीं। अगर आप चाहती हैं कि मैं बच जाऊँ, तो मुझे सन्यास की आज्ञा दीजिए।” माँ का दिल दहल गया। वो बेटे को खोना नहीं चाहती थीं। मजबूर होकर उन्होंने हाँ कह दी। तुरंत ही मगरमच्छ ने शंकर को छोड़ दिया। उस दिन से आठ साल का वह बालक गृहस्थ जीवन से मुक्त होकर संन्यासी बन गया। चलते समय उसने माँ से वादा किया—“माँ, आपके अंतिम समय पर मैं ज़रूर आऊँगा।”

    शंकर संन्यास लेकर गुरु की खोज में निकल पड़े। नर्मदा नदी के किनारे गोविन्द भगवत्पाद से उनकी भेंट हुई। वहीं उन्होंने सन्यास की दीक्षा ली और अद्वैत वेदांत की गहराई को आत्मसात किया। गुरु ने आदेश दिया—“शंकर, अब तुम काशी जाओ और लोगों को सत्य का ज्ञान दो।”

    काशी में एक दिन रास्ते में शंकर एक चांडाल से टकराए। वो चार कुत्तों के साथ खड़ा था। शंकर ने कहा—“सामने से हट जाओ।” चांडाल ने मुस्कुराकर कहा—“आचार्य, आप तो अद्वैत के ज्ञाता हैं। क्या आत्मा में कोई बड़ा-छोटा होता है? क्या शुद्ध चेतना में कोई ऊँच-नीच है?” शंकर चौंक गए। उन्होंने सोचा—“सच है! यह चांडाल ही आज मेरा गुरु है।”

    तभी चांडाल का रूप बदल गया और वहाँ भगवान शिव स्वयं प्रकट हुए।

    शंकर ने जगह-जगह जाकर वेदांत और अद्वैत का प्रचार शुरू किया। प्रयाग में उनकी मुलाकात महान विद्वान कुमारिल भट्ट से हुई। फिर वो गए माहिष्मती नगरी, जहाँ मंडन मिश्र से उनका शास्त्रार्थ हुआ। कहते हैं कि उस शास्त्रार्थ में मंडन मिश्र की पत्नी भारती ने न्यायाधीश का काम किया। कई दिनों तक शास्त्रार्थ चला, और आखिरकार मंडन मिश्र शंकर के शिष्य बन गए। उनका नाम बदलकर सुरेश्वराचार्य पड़ा। शंकर ने ये संदेश दिया— “ब्रह्म सत्य है, जगत मिथ्या है। आत्मा और परमात्मा अलग नहीं, बल्कि एक ही हैं।”

    आखिरकार वो दिन भी आया जब उनकी माँ का जीवन अंतिम पड़ाव पर था। शंकर दौड़े चले आए। माँ ने बेटे को देखा और तृप्त होकर देह त्याग दिया। पर सन्यासी होने के कारण गाँव के ब्राह्मणों ने उनकी मदद नहीं की। शंकर ने अकेले ही अपनी माँ का अंतिम संस्कार किया।

    शंकर ने पूरे भारत की यात्रा की। उत्तर में बद्रीनाथ, दक्षिण में श्रंगेरी, पश्चिम में द्वारका और पूर्व में पुरी—इन चारों जगहों पर मठ स्थापित किए। आज भी ये मठ शंकराचार्य परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कुम्भ मेले की परंपरा भी स्थापित की, ताकि हर बारह साल में लोग एक साथ मिलकर धर्म का उत्सव मना सकें।

    दोस्तों, शंकराचार्य सिर्फ़ 32 साल जिए। लेकिन उस छोटी-सी उम्र में उन्होंने इतना काम कर दिया कि सदियाँ बीत गईं, पर उनकी गूँज अब भी सुनाई देती है। कहते हैं कि केदारनाथ की ओर जाते समय, कैलाश के पास उन्होंने अपना शरीर त्याग दिया और ब्रह्मलोक को प्राप्त हुए।

    उनका कहना था कि असली दौलत सदाचार है।और इंसान की पहचान उसके जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है। जो व्यक्ति अपने मन पर काबू पा लेता है, वही जीवन का सच्चा सुख पाता है और स्वर्ग तक पहुँच सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि झूठ और अन्याय से मिले लाख फायदे भी त्याग देने चाहिए, क्योंकि उनका कोई स्थायी मूल्य नहीं होता। सबसे बड़ी बात यह थी कि गहरी से गहरी बातें भी इतनी आसान भाषा में कहनी चाहिए कि हर कोई उन्हें समझ सके और अपने जीवन में उतार सके.

    यह थी आचार्य शंकर की जीवन कहानी। एक ऐसी पुण्य आत्मा, जिसने अपने छोटे से जीवन में पूरे भारत को जोड़ दिया। उनकी शिक्षा हमें यही सिखाती है—सत्य और आत्मज्ञान ही असली शक्ति है।

    धन्यवाद |

    Frequently Asked Questions

    How can I read spiritual stories on Sanatan?

    You can read spiritual stories directly on the story reader page. Each story provides complete text content that you can read online without any app download.

    Are the stories available in Hindi and English?

    Yes, Sanatan provides spiritual stories in multiple languages. You can switch the interface language using the language toggle to read stories in your preferred language.

    Can I watch video versions of these stories?

    Some stories have video versions available. When a video is available, you will see a Watch Story button alongside the Read Story button on the story card.