गधा और ऊँट की सभा — शोर बनाम समझ की राजनीति

    यह कहानी हमें नीति और राजनीति का मर्म सिखाती है। बहुत समय पहले, आचार्य विष्णु शर्मा ने पंचतंत्र की रचना की थी। इन कहानियों के माध्यम से उन्होंने नीतिशास्त्र, राजनीति और जीवन की गहरी सच्चाइयाँ बड़े ही सरल ढंग से समझाईं। उनका कहना था— ‘राजनीति में केवल बल या शोर से नहीं, बल्कि बुद्धि और संयम से ही स्थायी सफलता मिलती है।’

    पंचतंत्र की एक कथा है— गधा और ऊँट की सभा।

    यह कहानी हमें सिखाती है कि राजनीति में असली ताक़त किसकी होती है— ऊँची आवाज़ में बोलने वाले की, या सोच-समझकर सही समय पर सही निर्णय लेने वाले की।”

    कथा कुछ यूँ है, बहुत समय पहले, एक विशाल रेगिस्तान के किनारे एक बड़ा तालाब था। वही तालाब जानवरों का सहारा था। उसके चारों ओर हिरन, बकरी, गधा, मुर्गा, ऊँट और कई छोटे जीव रहते थे। जानवरों ने आपसी झगड़े खत्म करने और सामूहिक फैसले लेने के लिए एक पंचायत बनाई। उस पंचायत के अध्यक्ष थे—ऊँट। ऊँट इसलिए चुना गया क्योंकि वह लंबा-चौड़ा, मज़बूत और शांत स्वभाव का था। सबको लगता था कि ऊँट ही निष्पक्ष और स्थिर दिमाग से सोच सकता है। लेकिन पंचायत में एक और सदस्य था—गधा। गधा जोर-जोर से बोलने का आदी था। उसे लगता था कि राजनीति में वही नेता है, जिसकी आवाज़ सबसे ऊँची हो।

    ऊँट जब भी कोई समस्या सुनता, वह पहले सबकी बात ध्यान से सुनता। फिर सोच-समझकर बोलता। उसकी यही आदत कुछ जानवरों को अच्छी लगती थी, लेकिन कुछ को यह “धीमापन” खटकता भी था।

    हिरन अक्सर कहता था — “ऊँट भाई, आप तो बहुत देर लगाते हो फैसला लेने में। कभी तो हमें तुरंत कदम उठाना पड़ता है।”

    बकरी कहती— “हमें ऐसे नेता चाहिए, जो तुरंत कुछ कर दिखाए।”

    और तभी गधा बीच में जोर से चिल्लाता— “हाँ-हाँ! यही तो मैं कह रहा हूँ! नेता वही है, जो ज़ोर से बोले और सबको एक ही बार में मना ले। इतना सोचने-विचारने का क्या फ़ायदा?” जानवर हँसते, तालियाँ बजाते और धीरे-धीरे गधे की तरफ़ झुकने लगे।

    गधा रोज़ सभा में ऊँची आवाज़ में नारे लगाता। “हमारा तालाब, हमारी मर्ज़ी!” “ऊँट को हटाओ, गधे को नेता बनाओ!” मुर्गा, जिसे ऊँची आवाज़ें पसंद थीं, कहता— “वाह! गधा कितना तेज़ बोलता है, इसमें जोश है। ऐसा नेता ही हमें चाहिए।”

    बकरी भी सोचने लगी— “कम से कम गधा बोल तो देता है, ऊँट तो बस सोचता ही रहता है।”

    धीरे-धीरे गधे के चारों ओर एक छोटा “समर्थन समूह” बन गया। गधा खुद को नेता समझने लगा। कुछ महीने बाद, रेगिस्तान में भयानक सूखा पड़ा। तालाब का पानी घटने लगा। अब पंचायत के सामने सबसे बड़ा सवाल था— “पानी कैसे बचाया जाए?” सब जानवर घबराए हुए थे। मेंढक बोले— “अगर पानी और घटा, तो हम मर जाएँगे।” हिरन बोला— “हमें जल्द कोई उपाय चाहिए।”

    तभी गधा खड़ा हुआ और ऊँची आवाज़ में बोला— “मेरे पास उपाय है! पास वाले गाँव में बड़ा तालाब है। चलो हम सब मिलकर उसे तोड़ देते हैं, और सारा पानी अपने तालाब में ले आते हैं। बस, समस्या खत्म!” गधे की बात सुनते ही जानवरों में उत्साह छा गया। मुर्गा चिल्लाया—“वाह! यही है असली नेता!” बकरी बोली—“सही कहा! ऊँट तो बस सोचेगा, गधा ने तुरंत रास्ता बता दिया।” सबने गधे की बात मान ली। अगली सुबह, जानवर गधे के नेतृत्व में पास के गाँव की ओर चल पड़े। तालाब तोड़ने ही वाले थे कि गाँव के इंसानों ने उन्हें देख लिया।

    इंसान लाठियाँ लेकर दौड़े। उन्होंने गधे को बुरी तरह पीटा. गधे को पीटता देख बाकी जानवर भाग खड़े हुए। किसी के पैर में चोट आई, किसी की पीठ पर। मुर्गे के पंख उखड़ गए, बकरी का सींग टूट गया। सब जानवर चोटिल और थके-हारे अपने तालाब पर लौटे। अब तक ऊँट चुपचाप देख रहा था। उसने सबको पास बुलाया और धीरे से बोला— “मैंने उसी दिन कहा था—नेता वही है, जो सोच-समझकर निर्णय ले। जल्दबाज़ी और शोर से कभी समस्या हल नहीं होती। गधा जोर से बोल सकता है, लेकिन उसका फैसला हमें संकट में डाल गया। राजनीति में असली ताक़त ऊँची आवाज़ की नहीं, बल्कि धैर्य और बुद्धिमानी की होती है।”

    सब जानवर चुप थे। गधे का सिर झुका हुआ था। अब सबको समझ आ गया कि शोर से राजनीति नहीं चलती। उस दिन से पंचायत में सबने फिर से ऊँट की ही बात माननी शुरू कर दी।

    यह कहानी हमें यही सिखाती है कि राजनीति में शोर मचाना आसान है, लेकिन असली नेतृत्व वही है, जो कठिन समय में सोच-समझकर निर्णय ले। जो केवल चिल्लाता है, उसका असर कुछ समय तक होता है। लेकिन जो धैर्य और बुद्धिमानी से रास्ता दिखाता है, वही सच्चा नेता कहलाता है।”

    धन्यवाद।

    Frequently Asked Questions

    How can I read spiritual stories on Sanatan?

    You can read spiritual stories directly on the story reader page. Each story provides complete text content that you can read online without any app download.

    Are the stories available in Hindi and English?

    Yes, Sanatan provides spiritual stories in multiple languages. You can switch the interface language using the language toggle to read stories in your preferred language.

    Can I watch video versions of these stories?

    Some stories have video versions available. When a video is available, you will see a Watch Story button alongside the Read Story button on the story card.