Drishya Dharma
Read this spiritual story.
महात्मा मधुसूदन सरस्वती: वह संत जिन्होंने तुलसीदास की रामायण को दी मान्यता
यह कहानी उस युग की है, जब भारत भूमि पर संतों, महात्माओं और भक्त कवियों की ऐसी ज्योति प्रज्वलित थी, जिसने धर्म और अध्यात्म दोनों को आलोकित कर दिया। तुलसीदास अपनी वाणी से राम के सौंदर्य का गान कर रहे थे, तो सूरदास कृष्ण के रूप-रस में डूबे थे, चैतन्य महाप्रभु हरिनाम संकीर्तन में लीन थे… और इन्हीं संतों के समकाल में एक और तेजस्वी महापुरुष हुए—जिन्हें हम महात्मा मधुसूदन सरस्वती के नाम से जानते हैं ।”
बंगाल प्रान्त के फरीदपुर जिले के कोठालपाड़ा ग्राम में एक धर्मनिष्ठ ब्राह्मण परिवार था—प्रमोदन पुरन्दर जी का। इसी परिवार में तीसरे पुत्र के रूप में जन्म लिया कमलाजनयन नामक बालक ने।
यही बालक आगे चलकर संन्यास लेकर बने—महात्मा मधुसूदन सरस्वती।
बचपन से ही विलक्षण प्रतिभा। पढ़ाई-लिखाई में गहरी रुचि। न्यायशास्त्र में अद्भुत पकड़। उनके गुरु थे हरिराम तर्कवागीश और माधव सरस्वती। बीस वर्ष की आयु में ही उन्होंने नवद्वीप में न्याय-शास्त्र का पूरा अध्ययन कर लिया। लेकिन यह ज्ञान उन्हें सांसारिक सुखों या राजसभा की प्रतिष्ठा की ओर नहीं ले गया। उनका मन खिंच रहा था—किसी और दिशा में… भगवान की ओर।
एक बार अपने पण्डित भाई के साथ वे वकाला राज्य की राजसभा में गये। राजा ने उनकी विद्वता देखकर कहा—"माँगो, जो चाहो पुरस्कार।" परन्तु उस क्षण मधुसूदन ने सोचा—“राजा की कृपा से भौतिक ऐश्वर्य मिल सकता है… परंतु मुझे तो चाहिए भगवान की प्रसन्नता।” यही संकल्प उन्हें काशी की ओर ले गया। रास्ते में जब वे मधुमती नदी के तट पर पहुँचे, तो उन्होंने बड़ी श्रद्धा से नदी की उपासना की। कथा है कि नदी मूर्तिमती हो उठी और वरदान दिया—
"तुम्हारे भीतर भक्ति और ज्ञान का ऐसा संगम होगा, जो युगों-युगों तक लोगों को राह दिखाएगा।"
काशी में उन्होंने विश्वेश्वर सरस्वती से संन्यास की दीक्षा ली और बने—मधुसूदन सरस्वती। फिर श्रीक्षेत्र के निकट एक नदी तट पर सत्रह वर्ष तक कठोर तप किया। नेत्र बंद कर, ध्यान में लीन होकर, भगवान कृष्ण का स्मरण। कथा आती है—एक राजा वीरसिंह, जो संतानहीन थे, स्वप्न में मार्गदर्शन पाकर उनकी सेवा करने पहुँचे। राजा ने उनकी तपस्थली पर मंदिर बनवाया, सेवा-व्यवस्था की।
मधुसूदन ने नेत्र खोले तो तीन वर्ष बीत चुके थे… और वे आश्चर्यचकित थे। यद्यपि वे शास्त्र-महारथी थे, परन्तु उनके जीवन में एक मोड़ आया।
एक महात्मा ने उनसे कहा— "पुत्र! शास्त्रज्ञान यहीं रह जाएगा, पर भगवान की भक्ति ही तुम्हारे साथ जाएगी।"
यह वचन हृदय में ऐसा उतरा कि मधुसूदन सरस्वती ने शास्त्र-विवाद छोड़कर जीवन को भक्ति-रस में समर्पित कर दिया।
उन्होंने कहा—"भगवान विष्णु नित्य हैं, पूर्ण हैं, आनंदस्वरूप हैं।
जब हृदय द्रवित होकर उन्हें ग्रहण कर ले, तब फिर करने को कुछ शेष नहीं रह जाता।”
श्रीक्षेत्र में उनके तप के समय अकाल पड़ा। उड़ीसा के महाराज मुकुन्द देव ने उनसे प्रजा की रक्षा की प्रार्थना की। मधुसूदन सरस्वती ने आशीर्वाद दिया और भूमि पर शस्य-वृद्धि होने लगी। जनता अकाल से बच गई।
मधुसूदन ने वेदान्त को केवल दार्शनिक न रखकर, उसे भक्ति-रस से अलंकृत किया।
उनकी रचनाएँ— अद्वैतसिद्धि, सिद्धान्तबिन्दु, भक्तिरसायन, गूढ़ार्थदीपिका, वेदान्तकल्पलतिका— आज भी शास्त्रजगत के रत्न मानी जाती हैं।
उनकी वाणी में कृष्ण के स्वरूप का अद्भुत चित्रण है— “जिनके हाथ में वंशी है, जिनका रंग नवीन मेघ के समान है, जिन्होंने पीताम्बर धारण किया है, अधर बिम्बफल के समान अरुण हैं, मुख पूर्णचन्द्र समान है, नेत्र कमल जैसे हैं— ऐसे श्रीकृष्ण ही परम तत्व हैं, उनसे परे और कुछ नहीं।”
काशी में जब तुलसीदास ने रामचरितमानस का प्रचार किया, तो कुछ पंडितों ने इसे अस्वीकार कर दिया। तब उन्होंने कहा—“यदि मधुसूदन सरस्वती इसे मान्यता देंगे, तो हम भी स्वीकार करेंगे।”
मधुसूदन ने रामचरितमानस देखकर कहा—“आनन्दकानन में यह तुलसी का वृक्ष है।
इसकी कविता-कलिका पर स्वयं रामरूपी भ्रमर मंडराते हैं।” यह सुनकर सब मौन हो गए, और मानस को मान्यता मिल गई। महात्मा मधुसूदन सरस्वती केवल अद्वैत के दार्शनिक ही नहीं थे,
वे भक्ति के अनन्य रसिक, निष्काम साधक और लोककल्याणकारी संत भी थे। उनकी साधना, उनका ज्ञान और उनकी वाणी आज भी हमें यही प्रेरणा देती है— कि शास्त्र, तप, ज्ञान, वैराग्य—इन सबका सार है भक्ति। और उस भक्ति का चरम बिंदु है—श्रीकृष्ण का मधुर स्मरण.
“ऐसे थे महात्मा मधुसूदन सरस्वती—जिन्होंने शास्त्र को रस से, और भक्ति को ज्ञान से जोड़कर,
भारतभूमि को अद्वैत-भक्ति का अनुपम उपहार दिया।”
धन्यवाद |
You can read spiritual stories directly on the story reader page. Each story provides complete text content that you can read online without any app download.
Yes, Sanatan provides spiritual stories in multiple languages. You can switch the interface language using the language toggle to read stories in your preferred language.
Some stories have video versions available. When a video is available, you will see a Watch Story button alongside the Read Story button on the story card.